उत्तराखंड में 24 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, गरज-चमक के साथ होगी बारिश

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। फिलहाल दिन के समय तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक अब भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन अगले 24 घंटे में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज मिला-जुला बना हुआ है। दिन के समय धूप तेज होने के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि सुबह और शाम को ठंडक बनी रहती है। इस वजह से लोगों को दिन और रात के तापमान में साफ अंतर महसूस हो रहा है। मंगलवार की सुबह घाटी वाले क्षेत्रों में आंशिक रूप से कोहरा छाया रहा, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, कोहरा पूरी तरह साफ हो गया। पिछले कुछ दिनों में बारिश के बाद अब धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.05 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.05 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोनों में करीब 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी गई।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार आज बुधवार को उत्तराखंड के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। लेकिन गुरुवार से एक ताजा Western Disturbance सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में हल्की गिरावट भी आ सकती है। गुरूवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 4000m व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना भी है। हालांकि प्रदेश के बाकी जनपदों में गुरुवार को भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल से लेकर 21 अप्रैल तक पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रीय रहेंगे। बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और लोगों को एक बार फिर मौसम के बदलते मिजाज का सामना करना पड़ेगा।